आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को जिला प्रशासन की ओर से हर स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान जिला आइकन स्वीप अल्मोड़ा और बॉलीवुड अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने सभी से मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
रूप दुर्गापाल ने वीडियो जारी कर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। छोटे पर्दे से करियर की शुरुआत करने वाली अल्मोड़ा निवासी बॉलीवुड अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने वीडियो जारी कर कहा कि सभी लोग लोकतंत्र के पर्व में बढ़ चढ़कर भागीदार बनें।
ऐसे बनवाएं वोटर आईडी
अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने कहा कि मताधिकार एक शक्तिशाली अधिकार ही नहीं बल्कि हमारा कर्तव्य भी है। उन्होंने जनपद के युवाओं से भी अपील की है कि यदि आप 18 वर्ष के हैं और अभी तक वोटर आईडी नहीं बनवाई है तो भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन भी रजिस्टर कर सकते हैं। या फिर अपने बीएलओ के माध्यम से भी अपना वोट बनवा सकते हैं।
जरूर करें मताधिकार का प्रयोग
अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने कहा कि मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। इसके अलावा जिले भर के विभिन्न स्थानों में मतदान जागरूकता कार्यक्रम हुए। लोगों को मताधिकार के लिए प्रेरित किया गया।