रुड़की में पटाखे की चिंगारी से पलभर में राख हुआ टेंट हाउस, गदरपुर में कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग – Kachchichithi

रुड़की में पटाखे की चिंगारी से पलभर में राख हुआ टेंट हाउस, गदरपुर में कबाड़ के गोदाम में लगी भीषण आग

हरिद्वार जिले के रुड़की में दिवाली की खुशियां उस समय मातम और अफरा-तफरी में बदल गईं, जब आतिशबाजी के दौरान पटाखे से निकली एक चिंगारी ने देखते ही देखते पूरे टेंट हाउस को आग के हवाले कर दिया. आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही मिनटों में आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और टेंट हाउस में रखा कीमती सामान धू-धू कर जलने लगा. आधी रात को आसमान में उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार देखकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची दमकल कर्मियों की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

जानकारी के मुताबिक, रुड़की की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर गांव के पास विश्वराज सैनी और नरेश सैनी का टेंट हाउस है. 8 अक्टूबर रविवार को दिवाली की रात लोग जहां आतिशबाजी कर त्योहार मना रहे थे. इसी दौरान एक पटाखा टेंट हाउस के परिसर में जा गिरा. बताया जा रहा है कि पटाखे से निकली चिंगारी ने वहां रखे ज्वलनशील सामान को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही पलों में आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया. टेंट हाउस में रखा सजावटी सामान, टेंट सामग्री, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान आग की चपेट में आने लगा.

बताया गया है कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. आग बढ़ती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही तत्काल दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया. हालांकि, आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. आग लगातार फैल रही थी और उसे नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ था.

बताया गया है कि आग बुझाने के लिए करीब आधा दर्जन दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने कई घंटों तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग को नियंत्रित कर लिया गया. लेकिन तब तक टेंट हाउस में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था. वहीं आग लगने की घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. आधी रात तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. राहत की बात यह रही कि इस भीषण आग की घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *