उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में गुरुवार देर रात युवतियों से जुड़े विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब मौके पर पहुंचे युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. गोलियों की आवाज सुनकर कॉलोनी में भीड़ जुट गई, जिसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बुलेट बरामद की है. पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है.
बताया जा रहा है कि गंगापुर दक्ष चौक के पास स्थित देव कॉलोनी में ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई थी. मामले की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाने से पुलिस मौके पर ही पहुंची थी. पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि देव कॉलोनी में कुछ युवतियां किराये के मकान में रहती हैं. रात के समय एक युवक युवतियों से मिलने के लिए कॉलोनी में पहुंचा था. कॉलोनीवासियों ने युवक की मौजूदगी का विरोध किया.
आरोप है कि इसके बाद युवक ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया. कुछ ही देर में कई युवक वहां पहुंच गए और विवाद की स्थिति पैदा हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार इसी दौरान युवकों की ओर से फायरिंग की गई. गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. भीड़ बढ़ने पर आरोपी युवक मौके से भाग निकले और अपनी गाड़ी वहीं छोड़ गए.
ट्रांजिट कैंप के एसआई मुकेश मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने के तत्काल बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी. इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का साक्ष्य संकलन किया. जांच के दौरान फायरिंग में इस्तेमाल हुई गोली का एक बुलेट भी बरामद किया गया है.