धर्मनगरी हरिद्वार में गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित लालजीवाला बस्ती के पास गणपति विसर्जन के दौरान देहरादून से परिवार के साथ आई 14 वर्षीय किशोरी गंगा में बहकर लापता हो गई. घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है. सूचना मिलने के बाद जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने किशोरी की तलाश शुरू की, लेकिन गुरुवार शाम तक उसका पता नहीं चल सका.
जानकारी के अनुसार डोईवाला क्षेत्र की केशव बस्ती निवासी 14 वर्षीय प्रीति पुत्री राकेश कुमार परिवार के साथ गणपति विसर्जन के लिए लालजीवाला बस्ती के पास बड़ी गंगा नदी में आई थी. दोपहर करीब तीन बजे विसर्जन के दौरान किशोरी अचानक गंगा में गिर गई. जिसके बाद तेज बहाव में बह गई. बताया जा रहा है किशोरी पानी के बहाव के साथ गंगा के पानी के डाइवर्जन के लिए बनाए गए रपटे में लगे कंक्रीट के आरसीसी ड्रेनेज पाइप के अंदर चली गई.
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. जिसके बाद सर्च अभियान शुरू किया. बुधवार रात तक किशोरी की तलाश में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया. गुरुवार सुबह फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया. टीम ने गुरुवार को भी टीमों ने गंगा में संभावित स्थानों पर तलाश की. जेसीबी बुलाकर पाइपलाइन को तुड़वाया गया. रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर लोगों की बड़ी भीड़ जमा है. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. भीड़ के साथ ही परिजन किशोरी की तलाश में आंखें बिछाए बैठे हैं.
एसडीआरएफ के एसआई आशीष त्यागी ने बताया किशोरी के गंगा में बहने की सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची थी. जल पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. संभावित स्थानों पर किशोरी की तलाश की जा रही है, जल्द ही किशोरी को बरामद कर लिया जाएगा.