गौला नदी में नहाना एक किशोर को भारी पड़ गया. परिजनों के साथ कपड़े धोने पहुंचा किशोर नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में डूब गया. सूचना पर पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे. जहां रेस्क्यू अभियान चलाकर किशोर का शव नदी से बाहर निकाला. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने बारिश के मौसम में नदी में उतरने से बचने की अपील की है.
हल्द्वानी की गौला नदी में शुक्रवार यानी 7 अगस्त को दर्दनाक हादसा हो गया. जहां नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान अहमद पुत्र मोहम्मद रफीक के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के छवियां थाना क्षेत्र के महोनिया डलआ गांव का निवासी था. अहमद इन दिनों हल्द्वानी में अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहा था.
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को अहमद अपने भाइयों और परिजनों के साथ गौला नदी किनारे कपड़े धोने के लिए गया था. इसी दौरान वो नहाने के लिए नदी में उतर गया. कुछ ही देर में वो अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया. किशोर के डूबने की खबर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों, जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया. काफी प्रयास के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.