विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी भी एक्शन में आ गई है. पिछले कई महीनों से खबरों से गायब आम आदमी पार्टी एकदम सुर्खियों में आ गई है. आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर अकेले लड़ने की बात कही है.
आम आदमी पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट दया किशन कलौनी ने सभी 70 सीटों पर आप की मजबूत दावेदारी की बात कही है. वहीं, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आप उमा सिसौदिया के नेतृत्व में प्रदेश संगठन को मजबूत कर फ्री बिजली, पानी, शिक्षा के वादों के साथ जनता के बीच उतरने की बात कही.
आम आदमी पार्टी के नव नियुक्त उत्तराखंड प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट दया किशन कलौनी ने खटीमा में कहा लगभग एक वर्ष से प्रदेश कमेटी भंग थी, लेकिन अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है. नई टीम में उमा सिसोदिया को प्रदेश अध्यक्ष तथा उन्हें प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
दया किशन कलौनी ने कहा उत्तराखंड राज्य निर्माण के 26 वर्ष बाद भी राज्य आंदोलन की मूल भावना और परिकल्पना पूरी नहीं हो सकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य निर्माण के लिए हुए संघर्ष और शहादतों का सम्मान नहीं किया गया. प्रदेश में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया. उन्होंने कहा स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी पहाड़ की जनता संघर्ष कर रही है. बेरोजगारी और नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है.
प्रदेश प्रवक्ता ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों राष्ट्रीय दलों ने प्रदेश को विकास के बजाय निराशा और अव्यवस्था की ओर धकेला है. उन्होंने दावा किया कि जनता अब एक मजबूत तीसरे विकल्प की तलाश में है. आम आदमी पार्टी इसी उम्मीद के साथ प्रदेश में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है.
विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कलौनी ने कहा कि पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है. आम आदमी पार्टी बिजली, सड़क, पानी, रोजगार और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी. दिल्ली और पंजाब के विकास मॉडल को उत्तराखंड में लागू करने का संकल्प लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी.
उन्होंने कहा यदि प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट बैठक में ही 300 यूनिट मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी और बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर निर्णय लिए जाएंगे. साथ ही महिला सुरक्षा और नशा उन्मूलन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल होंगे.
उन्होंने कहा शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड में बंद किए गए लगभग 1600 विद्यालयों को पुनर्जीवित कर उनके बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाएगा. आम आदमी पार्टी संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान को युद्धस्तर पर चला रही है. आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी.