मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “आत्मनिर्भर उत्तराखंड” एवं स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के संकल्प को जनपद पौड़ी गढ़वाल में नयी दिशा मिल रही है। ग्राम्य विकास विभाग की ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत संचालित सीबीओ लेवल एंटरप्राइजेज गतिविधि के तहत विकासखण्ड पौड़ी में संकेत स्वायत्त सहकारिता द्वारा स्थापित “हिलांस मशरूम इकाई” में बेमौसमी बटन मशरूम का सफल उत्पादन शुरू हो गया है।
यह पहल ग्रामीण आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण एवं स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। मुख्यमंत्री धामी लगातार महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों तथा ग्रामीण उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर जोर दे रहे हैं। इसी क्रम में ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से स्थापित यह यूनिट स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग का सफल उदाहरण बनकर सामने आयी है।
परियोजना के अंतर्गत ग्राम्य विकास विभाग के एक अनुपयोगी भवन का पुनर्विकास कर उसे आधुनिक मशरूम उत्पादन इकाई के रूप में विकसित किया गया है। यूनिट में कुल दो उत्पादन इकाइयाँ स्थापित की गयी हैं। प्रथम यूनिट में 500 बटन मशरूम बैग लगाए गए थे, जिनसे अब सफलतापूर्वक उत्पादन शुरू हो चुका है। वर्तमान में प्रतिदिन ताजा मशरूम की हार्वेस्टिंग कर स्थानीय बाजार में आपूर्ति की जा रही है।