नगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में करोड़ों रुपए की वित्तीय गड़बड़ी और हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है.अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में फॉरेंसिक ऑडिट में साल 2013 से 2016 के बीच बैंक के खातों और लेजर में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं. जिसके बाद बैंक प्रबंधक की शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली में बैंक के पूर्व अधिकारियों और कर्मचारियों समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
जानकारी के अनुसार अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की मुख्य शाखा के प्रबंधक रिंकू गौतम ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में उन्होंने बताया है कि बैंक कर्मियों ने आपसी मिलीभगत से फर्जी एंट्री कर बैंक को करोड़ों रुपए का नुकसान पहुंचाया है. अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में करोड़ों रुपए की वित्तीय अनियमितताओं और हेराफेरी का ये मामला बैंक प्रबंधन द्वारा कराए गए फॉरेंसिक ऑडिट में सामने आया है.
ऑडिट में पाया गया कि साल 2013-14 से 2015-16 के दौरान बैंक के खातों, लेजर एंट्री और रिकॉर्ड में गंभीर गड़बड़ियां की गईं. कर्मचारियों और अधिकारियों पर मिली भगत का आरोप प्रबंधक की तरफ से की गई शिकायत में लगाया गया है. जिसमें तत्कालीन सचिव आरके बंसल, सॉफ्टवेयर इंजीनियर गणेश चंद्र वार्ष्णेय, तत्कालीन शाखा प्रबंधक महावीर सिंह, संजय गुप्ता और कार्यकारी शाखा प्रबंधक विजय मोहन भट्ट पर बैंक के रिकॉर्ड में फर्जी एंट्री कर करोड़ों रुपए के गबन और हेराफेरी का आरोप है.
पुलिस को बताया गया कि आरोपियों ने आपसी साजिश के तहत बैंक के पैसों का दुरुपयोग किया. नियमों के विपरीत निजी खातों में धन का लेनदेन कर अनुचित लाभ लिया. बैंक की साख को भी नुकसान पहुंचाया गया है. आरोपियों की करतूतों से बैंक को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है. ग्राहकों का भरोसा भी टूटा है. फॉरेंसिक रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि संबंधित लोगों ने बैंक के पैसों से अपनी संपत्तियां बनाई हैं. यह भी विभागीय जांच में भी सामने आया है. जिसकी सही स्थिति जांच में ही पता लगाई जा सकती है.
नगर कोतवाली प्रभारी हरिओम चौहान ने बताया है कि अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की मुख्य शाखा के प्रबंधक की शिकायत के आधार पर तत्कालीन सचिव आरके बंसल, सॉफ्टवेयर इंजीनियर गणेश चंद्र वार्ष्णेय, तत्कालीन शाखा प्रबंधक महावीर सिंह, संजय गुप्ता और कार्यकारी शाखा प्रबंधक विजय मोहन भट्ट के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और अमानत में खयानत की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.