रुद्रपुर में मैदान के पास मिली व्यक्ति की लाश, शिनाख्त में जुटी पुलिस, पीएम रिपोर्ट में खुलेगा मौत का राज

उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से बड़ी खबर सामने आई है. शहर के कैनाल कॉलोनी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब मैदान के पास करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिलहाल शव की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

बताया जा रहा है कि शाम के समय जब स्थानीय लोग मैदान के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर मैदान के किनारे पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी. पास जाकर देखने पर पता चला कि वह व्यक्ति मृत अवस्था में है. यह खबर आसपास के लोगों में तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही एसएसआई अनिल जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया. पुलिस ने मृतक के कपड़ों और आसपास की जगह की गहन तलाशी ली, लेकिन उसके पास से कोई भी पहचान से संबंधित दस्तावेज नहीं मिला. इससे मामला और अधिक पेचीदा हो गया है.

एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या हिंसा के निशान नहीं पाए गए हैं. इससे प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध नहीं लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के सही कारणों का पता चल सके. पुलिस आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर रही है और गुमशुदगी के मामलों से भी इस शव का मिलान किया जा रहा है. साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.

पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी तरह की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *