100 मीटर गहरी खाई में गिरी राजस्थानी पर्यटकों की कार, हल्द्वानी के युवक की मौत, दो घायल

नैनीताल में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. जिले के पाइंस क्षेत्र में राजस्थान के पर्यटकों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया. वाहन में राजस्थान निवासी दो पर्यटक और हल्द्वानी का उनका एक दोस्त भी सवार था. हादसे में तीनों गंभीर रूप से चोटिल हो गए. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया.

पुलिस और एसडीआरएफ की टीम कठिन रेस्क्यू अभियान चलाकर किसी तरह तीनों को खाई से बाहर निकालकर सड़क पर लाई. अस्पताल लाने पर चिकित्सकों ने हल्द्वानी निवासी युवक को मृत घोषित कर दिया. फिलहाल अन्य दो पर्यटकों को उपचार दिया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक डांगियावास जोधपुर राजस्थान निवासी 24 वर्षीय अरविंद सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह अपने दोस्त युवराज सिंह पुत्र भरत सिंह उम्र 20 साल के साथ घूमने के लिए कैंची धाम आ रहे थे. सुबह हल्द्वानी पहुंचने के बाद उन्होंने हल्द्वानी निवासी दोस्त राहुल कुमार को भी साथ ले लिया. तीनों ने सुबह कैंची धाम और उसके बाद घोड़ाखाल मंदिर में दर्शन किये.

राहुल की नैनीताल में डेढ़ बजे से इंटरनल परीक्षा थी. इस कारण तीनों तेजी से नैनीताल को आ रहे थे. पाइंस श्मशान घाट के समीप उन्होंने बैंड काटा ही था कि अचानक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया. हादसा होता देख क्षेत्र में दुकान संचालक और वाहन चालकों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ के साथ ही वाहन चालकों ने खाई में उतर तीनों को वाहन से बाहर निकाला.

गहरी खाई से कड़ी मशक्कत कर रेस्क्यू टीम ने तीनों को सड़क तक पहुंचाया. जहां से बीडी पांडे अस्पताल में चिकित्सकों ने राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य दो चोटिलों को उपचार दिया जा रहा है. फिलहाल पुलिस मृतक का पता और स्वजनों की जानकारी जुटा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *