चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मी समेत दो को रौंदा, फ्लाईओवर पर ठोकी कार, गिरफ्त में सभी आरोपी

विकासनगर: देहरादून के विकासनगर में नशे में धुत युवकों ने जमकर उत्पात मचाया. चेकिंग के दौरान कार सवारों ने एक पुलिसकर्मी समेत दो लोगों के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी. हादसे में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल गया. घटना को अंजाम देने के बाद कार सवार फरार हो गए. पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए कार सवार 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

ऑपरेशन प्रहार के तहत 7 अप्रैल की रात विकासनगर पुलिस द्वारा डाकपत्थर तिराहे के पास चेकिंग अभियान चला रही थी. तभी हर्बटपुर की ओर से तेजी से आ रही एक काले रंग की कार संख्या एचआर-87-पी-6040 को रोकने का प्रयास किया. लेकिन वाहन चालक ने वाहन को और तेज रफ्तार से पुल नंबर एक की ओर दौड़ा दिया. पुलिस ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी चेकपोस्टों को दीं.

कुछ ही समय बाद धनवंतरी चौक से कैनाल रोड की तरफ जाने वाली सड़क पर कार के मौजूद होने और कार सवारों द्वारा हुड़दंग मचाने की सूचना मिली. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार सवार व्यक्तियों से पूछताछ का प्रयास किया. लेकिन चालक ने कार को तेजी से बैक करते हुए सरकारी वाहन को टक्कर मारी और एक पुलिसकर्मी के ऊपर गाड़ी चढ़ाते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गया.

मौके पर मौजूद स्थानीय व्यक्ति ने भी कार सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उस व्यक्ति को भी टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गए. पुलिस ने घायल पुलिस कर्मी और अन्य व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने वाहन की सूचना व्हाट्सएप के माध्यम से सर्कुलेट की. जिस पर वाहन सिटी की ओर भागने और कुछ देर बाद बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली.

कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण वाहन चालक को चोटें आई, जिससे चालक भाग नहीं पाया. जबकि उसमें सवार अन्य 3 व्यक्ति मौके से भाग गए. पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया और साथ ही अन्य साथियों की जानकारी जुटाई. इसके बाद पुलिस ने विकासनगर के अलग-अलग क्षेत्र ने तीनों साथियों को भी गिरफ्तार किया.

चौकी प्रभारी डाकपत्थर संदीप पंवार ने बताया कि, घटना के संबंध में कोतवाली विकासनगर में संबंधित धाराओं मुकदमा दर्ज किया गया है. सभी के मेडिकल टेस्ट में शराब के सेवन की पुष्टि हुई है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय साहिल निवासी टीचर कॉलोनी डाकपत्थर, 24 वर्षीय आयुष निवासी पहाड़ी गली विकासनगर, 21 वर्षीय अंशुल चौहान, निवासी चकराता हाल जीवनगढ़ और 21 वर्षीय प्रियांशु निवासी बामनवाला हरिपुर कालसी के रूप में हुई है.

उधर, घायल पुलिसकर्मी की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *