उत्तराखंड से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर राज्य के बागेश्वर जिले से सामने आ रही है जहां शनिवार तड़के अचानक धरती कांपने से लोगों की नींद टूट गई। गहरी नींद में सोए लोग जैसे ही भूकंप के झटकों का एहसास हुआ, घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि कुछ ही सेकंड में सब कुछ सामान्य हो गया, लेकिन उस पल ने दहशत जरूर पैदा कर दी।
अभी तक मिल रही जानकारी के अनुसार बागेश्वर जिले में भूकंप के ये झटके सुबह 04:56:16 बजे महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.5 मापी गई। इसका केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में 29.885 उत्तर अक्षांश और 80.016 पूर्व देशांतर पर रहा, जबकि गहराई करीब पांच किलोमीटर बताई गई है। कम तीव्रता के कारण झटके हल्के रहे, लेकिन कुछ इलाकों में लोगों ने इन्हें साफ तौर पर महसूस किया। कई जगहों पर लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।
प्रशासन के अनुसार फिलहाल कहीं से भी किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। सभी तहसीलों से मिली रिपोर्ट में स्थिति सामान्य बताई गई है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने सभी तहसील स्तर के अधिकारियों से भूकंप से प्रभावितों की रिपोर्ट मांगी है और विवरण जल्द उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया है।