मसूरी में चलते ट्रक में लगी भीषण आग, सड़क पर मची अफरा-तफरी

पहाड़ों की रानी मसूरी में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कैंपटी रोड पर इंदिरा कॉलोनी के पास ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई थी. देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सड़क के बीचों-बीच ट्रक में आग लगने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम दो फायर टेंडरों के साथ मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. बताया जा रहा है कि ट्रक सीएनजी गैस से संचालित था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई थी. यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो ट्रक में बड़ा विस्फोट हो सकता था और आसपास के क्षेत्र में भारी नुकसान होने की आशंका थी.

स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक कैंपटी की ओर से मसूरी की तरफ आ रहा था. इसी दौरान इंदिरा कॉलोनी के पास अचानक ट्रक से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं. कुछ ही क्षणों में ट्रक ने आग पकड़ ली और लपटें तेजी से फैल गईं. इससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग अपनी जान बचाने के लिए दूर हट गए.

ट्रक चालक ने बताया कि वह कैंपटी क्षेत्र के एक रिसॉर्ट में सामान खाली कर वापस दिल्ली की ओर लौट रहा था. रास्ते में उसे ट्रक से चिंगारी निकलती महसूस हुई. उसने तुरंत ट्रक रोककर नीचे उतरकर देखा तो कुछ ही पलों में ट्रक में आग भड़क उठी. स्थिति गंभीर होते देख वह ट्रक से दूर भाग गया और अपनी जान बचाई. चालक ने बताया कि घटना की सूचना ट्रक मालिक को दे दी गई है.

अग्निशमन विभाग के अधिकारी राजकुमार ने बताया कि ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. फायर कर्मियों ने पानी और फोम की मदद से आग पर काबू पाया. उन्होंने बताया कि ट्रक सीएनजी गैस से संचालित होने के कारण आग काफी भयंकर रूप ले चुकी थी. यदि समय पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था.

फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *