पानी के संकट और ड्रेनज समस्या से जूझते इलाकों के लिए पुष्कर धामी सरकार ने 135 करोड़ का बजट जारी किया है। इसमें देहरादून और हल्द्वानी की पेयजल और सीवरेज परियोजनाओं के साथ ही श्री पूर्णागिरी और टिहरी के मढ़ी चौरास की पंपिंग पेयजल योजना पर काम होगा।
विशेष सहायता योजना के तहत दून जिले की पेयजल और सीवरेज की 19 परियोजनाओं के लिए 67.50 करोड़ रुपये मिले हैं। इससे दून शहर के कई इलाकों में जल संकट दूर होगा, साथ ही कुछ इलाकों में सीवरेज की व्यवस्था भी बेहतर होगी। पेयजल योजनाओं में सेवलाकलां क्षेत्र को पांच करोड़, जैन प्लाट वाणी विहार, लाडपुर रिंग रोड फेज-2 पेयजल योजना के लिए दो-दो करोड़, लोअर तुनवाला को 4.19 करोड़, मियांवाला में ट्यूबवेल और पाइप लाइन को 2.37 करोड़, ओली में ट्यूबवेल पाइपलाइन को 2.65 करोड़, कौलागढ़ में नई पाइपलाइन को 2.59 करोड़, दून एनक्लेव एक्सटेंशन में नलकूप के साथ पेयजल वितरण को 2.48 करोड़, बीमा विहार और कैनाल रोड में नलकूप के लिए 2.09 करोड़, संस्कृति लोक कॉलोनी के लिए तीन करोड़, इंदिरानगर सीमाद्वार पांच करोड़, मैत्री विहार के लिए 3.38 करोड़, दून विहार पेयजल योजना के लिए 2.58 करोड़ रुपये की किश्त जारी की गई है।
नरेंद्रनगर में सीवर लाइन बिछाने को मिले 10 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यहां 41.84 करोड़ की लागत से सीवरेज परियोजना प्रस्तावित है। साथ ही हल्द्वानी के शिवपुरी भवानी गंज और रानीबाग में सीवरेज कार्यों के लिए तीन-तीन करोड़ जारी किए गए हैं।
हल्द्वानी-काठगोदाम पेयजल योजना के लिए 154 करोड़ की लागत से प्रस्तावित स्रोत और ट्रीटमेंट योजना के लिए भी 40 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। साथ ही चंपावत में ठूलीगाड़ पंपिंग योजना के 2.85 करोड़ और श्री पूर्णागिरी पंपिंग योजना के लिए 3.24 करोड़, व्यानधुरा पेयजल योजना के लिए 2.58 करोड़ रुपये की किश्त जारी हुई है। लालकुंआ बंगाली कॉलोनी और हाथीखान में पेयजल योजना के लिए पांच करोड़ रुपये मिले हैं।