देहरादून बार एसोसिएशन चुनाव के दौरान मचा हड़कंप, जिला कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की मिली धमकी

आज देहरादून बार एसोसिएशन के चुनाव के दिन देहरादून कोर्ट को दोबारा से बमों से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल जिला जज के पास आया है, जिसके बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. आज गुरुवार 18 फरवरी को जिला जज के कार्यालय में धमकी भरा ईमेल आने की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने न्यायालय परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया. चेकिंग में कोई संदेश वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस की तरफ से कोर्ट में आने जाने की अनुमति दी गई.

पुलिस अनुसार दो दिन से आ रही देहरादून कोर्ट को बम से उड़ने की धमकी को लेकर एजेंसी और साइबर पुलिस जांच कर रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा. बताया जा रहा है कि गुरुवार को देहरादून बार एसोसिएशन के चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में वकील कोर्ट परिसर में थे. इस दौरान जिला जज एक मेल आता है, जिसमें दोबारा से कोर्ट बम से उड़ाने की धमकी दी जाती है. इस मेल के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया.

मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सभी अधिवक्ताओं को परिसर से बाहर किया. बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीम ने पूरे कोर्ट परिसर की चेकिंग की. राहत की बात ये है कि चेकिंग के दौरान कोर्ट परिसर में किसी भी तरह की कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. इसके बाद अधिवक्ताओं को परिसर में आने जाने की अनुमति दी गई. देहरादून बार एसोसिएशन के चुनाव पुरानी बिल्डिंग में आयोजित किए जा रहे थे.

बता दें कि बुधवार को देहरादून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. पुलिस, बम निरोधक दस्ता सहित डॉग स्क्वायड ने करीब दो घंटे तक कोर्ट परिसर में चेकिंग की थी, लेकिन कल भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी. वहीं मामलों की गंभीरता को देखते हुए आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने सभी जिलों के एसएसपी को अदालत की सुरक्षा में तैनात पुलिस फोर्स बढ़ाने के निर्देश दिए है. सभी जिलों में स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के माध्यम से एंटी चेकिंग और सर्च ऑपरेशन चलाने को कहा गया है. सीसीटीवी से निगरानी रखने और सोशल मीडिया अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए मदद ली जा रही है.

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया है कि आज फिर सूचना प्राप्त हुई थी कि उनके पास कोई मेल आई है, जिसमें जिला कोर्ट परिसर को बम को उड़ाने से धमकी दी गई थी. सूचना मिलने के बाद तत्काल जिस तरह से कल ड्रिल किया गया था, उसी प्रकार से आज ड्रिल किया गया. सभी को कोर्ट परिसर से बाहर कर दिया गया था. उसके बाद बम निरोधक दस्त और डॉग स्क्वाड की टीमों ने कोर्ट परिसर में सर्च अभियान चलाया गया. सर्च अभियान के दौरान कोर्ट परिसर के अंदर किसी भी तरीके कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. साथ ही बताया कि जो कल मेल प्राप्त हुई थी और जो ही मेल आज प्राप्त हुई है, तो दोनों को स्टडी किया जा रहा है. साइबर सेल है और अन्य यूनिट को काम पर लगा दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *