कल यानि 16 फरवरी कांग्रेस राजभवन कूच करने जा रही है. कांग्रेस प्रदेश में बढ़ते महिला अपराध, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था, जंगली जानवरों के हमलों के खिलाफ हल्ला बोलने वाली है. राजभवन कूच से पहले आज कांग्रेस ने विभिन्न नारों के साथ गुब्बारे उड़ाये.
इस अवसर पर राजभवन घेराव कार्यक्रम के संयोजक प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने तय कर दिया है कि 16 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया जायेगा. जिसकी शुरूआत कांग्रेस कर चुकी है. प्रीतम सिंह ने कहा प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है. आये दिन हत्या, डकैती, चेन स्नेचिंग चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं.
इससे आम जनता कानून व्यवस्था को लेकर आक्रोशित है. राज्य में महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. इनमें अधिकतर मामलों में भाजपा के नेता संलिप्त पाये गए हैं. जिस राज्य को देवभूमि के नाम से जाना जाता है वहां भ्रष्टाचार चरम पर है.
पूर्व महानगर अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता लालचन्द शर्मा ने कहा 16 फरवरी के प्रदर्शन राजभवन घेराव में प्रदेश के कोने-कोने से कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचेंगे. यह घेराव ऐतिहासिक होगा. यह प्रदर्शन भाजपा सरकार की जड़ों को हिलाने का काम करेगा.
उन्होंने कहा भाजपा सरकार लगातार प्रदेश को ठगने का काम कर रही है. आज कांग्रेस जनों ने महंगाई ,बेरोजगारी बिगड़ती कानून व्यवस्था, मनरेगा का नाम बदले जाने, पेपरलीक जैसे विषयों को रंग बिरंगी गुब्बारों के साथ उड़ाने का काम किया है. जिससे उत्तराखंड की जनता के बीच यह संदेश जाए कि कांग्रेस पार्टी लगातार इन बातों को लेकर सदन से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ रही है. जिस प्रकार आज कांग्रेसियों ने इस उम्मीद के साथ गुब्बारों पर लटकाए गए ज्वंलत विषयों को उड़ाया है, उनका सामना प्रदेश की जनता को दोबारा नहीं करना पड़े.