भाजपा ने शनिवार को उत्तराखंड की पांच संसदीय सीटों में से तीन पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। केंद्र और प्रदेश की सत्ता पर काबिज पार्टी ने तीनों पुराने चेहरों पर दोबारा दांव खेलना उचित समझा। नैनीताल-ऊधमसिंहनगर सीट पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, टिहरी सीट पर राजपरिवार की माला राज्यलक्ष्मी शाह और अल्मोड़ा सीट सुरक्षित सीट पर अजय टम्टा को फिर प्रत्याशी बनाया गया है।
प्रदेश की अन्य दो संसदीय सीटों हरिद्वार और पौड़ी के लिए प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है। उत्तराखंड की सभी पांच संसदीय सीटों पर वर्तमान में भाजपा के ही सांसद हैं। शनिवार को पार्टी की ओर से जारी सूची में प्रदेश की तीन सीटों पर ही प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। इसके साथ ही प्रदेश में सभी सीटों पर प्रत्याशियों को बदलने को लेकर जारी चर्चाओं पर भी विराम लग गया।
अजय टम्टा को लगातार तीसरी बार मिला टिकट
अल्मोड़ा और टिहरी सीटों पर वर्ष 2014 से लगातार लोकसभा चुनाव जीतने वालों पर पार्टी ने तीसरी बार भी विश्वास कायम रखा है। अल्मोड़ा सुरक्षित सीट पर अजय टम्टा को लगातार तीसरी बार टिकट दिया गया है। वहीं, टिहरी सीट से सांसद व राजघराने की माला राज्यलक्ष्मी शाह का टिकट भी लगातार तीसरी बार टिकट पक्का हुआ है। अब राज्य की दो सीटों हरिद्वार और पौड़ी की सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की जानी है। वर्तमान में इन सीटों से क्रमश: पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सांसद हैं।