उत्तराखंड में मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे 14 मदरसों को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से एक सप्ताह पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अब तक किसी भी मदरसे ने जवाब नहीं दिया है. इनमें अधिकतर मदरसे हरिद्वार जिले के हैं. जांच में कई संस्थानों में बच्चों के लिए ड्रेस कोड और पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था नहीं मिली थी. उधर कुछ मदरसे बिना राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की मान्यता के धार्मिक शिक्षा संचालित कर रहे हैं.
अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की सख्ती भी मदरसों के रवैये को बदलती नजर नहीं आ रही है. स्थिति यह है कि नोटिस जारी होने के एक सप्ताह बाद भी 14 मदरसों की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया है. राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की ओर से मानकों की अनदेखी और बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा संचालित करने के मामले में इन मदरसों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अब तक संबंधित संस्थानों ने अपना पक्ष नहीं रखा है.
दरअसल प्रदेश में धार्मिक शिक्षा देने वाले अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के लिए प्राधिकरण से मान्यता लेना अनिवार्य किया गया है. इसके बावजूद कई मदरसे मान्यता लेने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं.
प्रदेश सरकार ने एक जुलाई 2026 से मदरसा बोर्ड को समाप्त कर नई व्यवस्था लागू की थी. इसके तहत विद्यालयी शिक्षा के लिए शिक्षा विभाग और धार्मिक शिक्षा के लिए राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता लेना जरूरी है. प्राधिकरण की ओर से मदरसों के निरीक्षण के दौरान कई तरह की खामियां भी सामने आई हैं. कुछ संस्थानों में बच्चों के लिए ड्रेस कोड लागू नहीं मिला, जबकि बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर तक उपलब्ध नहीं था.
इसके अलावा कुछ स्थानों पर मस्जिदों में भी बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा संचालित किए जाने की जानकारी मिली है. नोटिस पाने वाले अधिकतर मदरसे हरिद्वार जिले के हैं. वहीं मान्यता प्राप्त कुछ मदरसों में भी निर्धारित शैक्षिक सुविधाओं की कमी सामने आई है. ऐसे में अब सवाल यह है कि जब प्राधिकरण की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद भी मदरसे जवाब देने को तैयार नहीं हैं तो निर्धारित नियमों का पालन कैसे सुनिश्चित कराया जाएगा. विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण पराग मधुकर धकाते के मुताबिक बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा देने वाले मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.