कोतवाली क्षेत्र के तहत एक नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक की संदिग्ध परस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. युवक की मौके बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पंहुचकर जांच में जुट गई है.
कोतवाली विकासनगर क्षेत्र के छोटूवाला स्थित नशा मुक्ति केंद्र में मंगलवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान डाकपत्थर शिव कॉलोनी/शिवपुरी निवासी इमरान (भूरा) पुत्र रमजान के रूप में हुई है. परिजनों का आरोप है कि युवक को महज तीन दिन पहले ही नशे की लत छुड़वाने के लिए केंद्र में भर्ती कराया गया था. मौत की सूचना मिलते ही परिवार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और जोरदार हंगामा किया.
केंद्र संचालक ने पुलिस को बताया इमरान ने आत्महत्या की है. वहीं, मृतक के परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए केंद्र संचालक पर हत्या का आरोप लगाया. उन्होंने संचालक की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि कुछ ही दिन पहले भर्ती कराए गए युवक की अचानक ऐसी मौत संदेह पैदा करती है. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने केंद्र के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. सूचना मिलते ही कोतवाली विकासनगर की पुलिस और क्षेत्राधिकारी आदित्य तिवारी मौके पर पहुंच गए.
सीओ आदित्य तिवीरी ने कहा पुलिस मामले की जांच रही है. शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा. उसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा. नशा मुक्ति केंद्र में कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है. मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.