पटेलनगर लूटकांड के बाद बजरंग दल कार्यकर्ता के ख़िलाफ़ अब विभिन्न संगठनों ने भी मोर्चा खोल दिया है। प्रकरण में बजरंग दल कार्यकर्ता की वीडियो में पहाड़ की बेटियों के ख़िलाफ़ अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए विभिन्न संगठनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की और कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की मांग की। संगठनों का आरोप है कि बजरंग दल के कार्यकर्ता ने लूटकांड में एक वीडियो प्रसारित की, इसमें पहाड़ की बेटियों के संबंध में अभद्र टिप्पणी की गई। इसके ख़िलाफ़ अब विभिन्न संगठनो ने भी विरोध शुरू कर दिया है।
बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियो ने एसएसपी कार्यालय में पहुंचकर खूब नारेबाजी की। पुलिस फोर्स ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, पहाड़ की बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार करे। हर मामले में पहाड़ की बेटियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की जा रही है। जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।