ऊधम सिंह नगर के पंतनगर में हल्दी रोड रेलवे स्टेशन के पास सोमवार सुबह मालगाड़ी की दो बोगियां पटरी से उतर गईं. हादसे के बाद रेल यातायात प्रभावित हुआ और शताब्दी एक्सप्रेस को रुद्रपुर में रोकना पड़ा. करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने दोनों बोगियों को पटरी पर लाने में सफलता हासिल की.
राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के कारणों की जानकारी जुटाने के लिए रेलवे कर्मचारियों से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी कर्मचारी मामले पर बोलने को तैयार नहीं हुआ. घटना सुबह करीब 11:30 बजे स्टेशन से लगभग 200 मीटर आगे रुद्रपुर की ओर हुई. मालगाड़ी की बोगियां पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हलचल मच गई थी.
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह न्यू मॉडिफाइड गुड्स रैक (एनएमजी रैक) हल्दी रोड रेलवे स्टेशन से रुद्रपुर की दिशा में जा रहा था. इसी दौरान स्टेशन से कुछ दूरी आगे मालगाड़ी की दो बोगियां अचानक पटरी से उतर गईं. घटना के बाद रेल संचालन प्रभावित हो गया. मौके पर पहुंची तकनीकी टीम ने स्थिति का जायजा लिया और बोगियों को सुरक्षित तरीके से दोबारा पटरी पर लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
शताब्दी एक्सप्रेस को रुद्रपुर में रोकना पड़ा: मालगाड़ी की बोगियां पटरी से उतरने का असर अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा. इसके चलते शताब्दी एक्सप्रेस को रुद्रपुर में ही रोकना पड़ा. अचानक रेल यातायात बाधित होने से यात्रियों को इंतजार करना पड़ा और परेशानी का सामना करना पड़ा. इस दौरान रेलवे कर्मचारियों की टीम घटनास्थल पर जुटी रही और ट्रैक पर परिचालन बहाल करने के लिए प्रयास करती रही.
छह घंटे की मशक्कत के बाद पटरी पर आईं बोगियां: रेलवे की तकनीकी टीम और कर्मचारियों ने करीब छह घंटे तक राहत कार्य किया. लगातार प्रयासों के बाद दोनों बोगियों को दोबारा पटरी पर लाने में सफलता मिली. इसके बाद रेल यातायात सामान्य करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए गए. हालांकि, बोगियों के पटरी से उतरने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. इसके लिए तकनीकी जांच आवश्यक है.
घटना के कारणों पर रेलवे कर्मचारियों ने नहीं दी जानकारीछ घटना के संबंध में अधिक जानकारी जुटाने और मालगाड़ी की बोगियां पटरी से उतरने के कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे कर्मचारियों से कई बार पूछताछ करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी कर्मचारी इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुआ. रेलवे की ओर से घटना के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी. ऐसे में हादसे की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. अब तकनीकी जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि मालगाड़ी की बोगियां किन परिस्थितियों में पटरी से उतरीं.