शाम को मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड और मैगी प्वाइंट के बीच बुधवार शाम अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरकने से सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आ गिरा. अचानक हुए भूस्खलन से मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
गनीमत रही कि पहाड़ी से गिरा मलबा और बोल्डर किसी वाहन या व्यक्ति की चपेट में नहीं आया. एक कार और दो स्कूटी सवार हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा. जिस समय मलबा सड़क पर आया, उस दौरान मार्ग से वाहन गुजर रहे थे. बड़े बोल्डर सड़क पर गिरते देख वाहन चालकों ने किसी तरह अपने वाहनों को रोका और पीछे हटे. इसके बाद मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई.
भूस्खलन के बाद भी पहाड़ी से लगातार छोटे-बड़े पत्थर और मलबा गिरने का सिलसिला जारी रहा. ऐसे में लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल वाहनों को भूस्खलन वाले स्थान से गुजरने की अनुमति नहीं दी. विभाग की जेसीबी मौके पर पहुंची और सड़क पर आए मलबे व बोल्डरों को हटाने का काम शुरू किया गया.
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अचानक पहाड़ी के दरकने के कारण बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए. जेसीबी की मदद से मलबा हटाया जा रहा है.
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मलबा हटाने के साथ ही पहाड़ी की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है. जब पत्थरों और मलबे के गिरने का खतरा कम होगा. सड़क को सुरक्षित घोषित किया जाएगा, तभी यातायात को सुचारू किया जाएगा. फिलहाल मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है. जिससे यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.