पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव में नवविवाहिता को धमकी देने और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है. धमकी और कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान 19 वर्षीय विवाहिता ने जहरीला पदार्थ गटक लिया. जिससे उसकी हालत बिगड़ गई. उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसका उपचार चल रहा है.
विवाहिता के पिता ने गांव के ही एक युवक और उसके पिता पर बेटी को काफी समय से परेशान करने, ब्लैकमेल करने और उसके पति को तलाक देने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी. उधर जहरीला पदार्थ खाने के बाद विवाहिता की हालत गंभीर बनी हुई है. निजी अस्पताल के आईसीयू में उसका उपचार चल रहा है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक और उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला युवक उसकी करीब 19 वर्षीय बेटी को काफी समय से परेशान और ब्लैकमेल करता आ रहा था. उन्होंने युवक और उसके पिता को कई बार समझाया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसकी बेटी को परेशान करता रहा. इससे परेशान होकर परिजनों ने बीती 28 जून 2026 को दूसरे गांव में एक युवक के बेटी का विवाह साथ कर दिया. आरोप है कि इसी 18 अगस्त को उनकी बेटी अपने मायके में आई हुई थी.
आरोप है कि शाम करीब पांच बजे युवक और उसका पिता घर पहुंचे. विवाहिता को डराने धमकाने लगे. आरोपियों की धमकियों से परेशान होकर विवाहिता ने जहरीला पदार्थ गटक लिया. जिससे उसकी हालत बिगड़ गई. आनन फानन में परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए. जहां बेटी को आईसीयू में भर्ती कर लिया गया. पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है.