देहरादून के पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में निजी संस्थान के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, हड़कंप

पटेलनगर इंडस्ट्री एरिया में एक निजी संस्थान के बाहर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। हथियारों से लैस दबंगों ने संस्थान के बाहर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले युवक कार में सवार थे, उनका बाइक सवारों के साथ विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक कार सड़क किनारे सुबह से खड़ी थी।

दोपहर के समय डंडों व रॉड से लैस कुछ युवक बाइक पर आए। बाइक सवार नजदीक आते देख कार में सवार लाल रंग की कमीज पहने युवक ने जमीन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दौरान बाइक सवारों ने कार का पीछे का शीशा तोड़ दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग करने वाले कौन थे और उन्होंने किस वजह से इस वारदात को अंजाम दिया।

प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश या विवाद से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *