उत्तराखंड पुलिस बीते लंबे समय से नशा तस्करों की कमर तोड़ने में लगी हुई है. इसी क्रम में देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने भारी मात्रा में स्मैक के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास करीब 86.31 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 26 लाख रुपए बताई जा रही हैं.
फिलहाल पुलिस ने विकासनगर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया. पुलिस ने ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री देवभूमि बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विकासनगर पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. इसी तरह पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है.
विकासनगर कोतवाल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है, जिसके लिए कोतवाली स्तर पर एक टीम का गठन किया था. इसी टीम को मुखबिर से नशा तस्कर के बारे में सूचना मिली थी. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए अपना जाल बिछाया.
पुलिस ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को विकासनगर क्षेत्र में गैस गोदाम के पास पुलिस ने 24 साल के जाकिर पुत्र वकील निवासी बड़ा कुआं मिर्जापुर सहारनपुर यूपी को स्मैक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से 86.31 ग्राम स्मैक बरामद हुई. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह यह खेप कैराना (उत्तर प्रदेश) के एक स्थानीय व्यक्ति से लाया था. वह इस स्मैक को विकासनगर और डाकपत्थर क्षेत्र में सक्रिय ड्राइवरों, स्थानीय पहाड़ी लड़कों और कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था. पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिससे आरोपी स्मैक की आपूर्ति लेता था.
इस संबंध में NDPS एक्ट की धारा 29 के तहत विवेचना शुरू कर दी गई है. आरोपी के खिलाफ थाना विकासनगर में धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है. उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है. इस अभियान में पुलिस टीम चौकी प्रभारी डाकपत्थर उप निरीक्षक सतेन्द्र सिंह ,उपनीरीक्षक सनोज कुमार आदि शामिल रहे.