उत्तराखंड के देहरादून जिले के पूर्व जिलाधिकारी रहे सविन बंसल जिस दफ्तर की शिकायत को लेकर चर्चाओं में रहे, उसी कार्यालय में उन्हें तैनाती दे दी गई है. दरअसल काफी समय से सचिव स्तर के आईएएस अधिकारी सविन बंसल की प्रतिनियुक्ति को लेकर चर्चाएं चल रही थीं. ऐसे में आखिरकार उन्हें लोकसभा सचिवालय में जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर तैनाती दी गई है.
साल 2009 बैच के आईएएस अधिकारी सविन बंसल को लेकर एक अहम खबर सामने आई है. दरअसल, सविन बंसल को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति दे दी गई है. जिसके बाद अब सचिव स्तर के इस अधिकारी को केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाना होगा. लेकिन खबर यह नहीं है कि उन्हें प्रतिनियुक्ति मिल गई है, बल्कि खबर यह है कि सविन बंसल को ऐसी जगह पर तैनाती दी गई है, जिस कार्यालय से कभी उनके खिलाफ शिकायत भेजी गई थी.

आईएएस अफसर सविन बंसल को लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव पद पर तैनाती दी गई है. उन्हें 3 साल के लिए प्रतिनियुक्ति मिली है. हालांकि, यह वही कार्यालय है जहां से उनके देहरादून में जिलाधिकारी रहते हुए शिकायती पत्र भेजा गया था.
तब लोकसभा अध्यक्ष के देहरादून दौरे के दौरान प्रोटोकॉल पूरा न किए जाने और तत्कालीन जिलाधिकारी रहे सविन बंसल द्वारा फोन नहीं उठाए जाने की शिकायत की गई थी. इसको लेकर बाकायदा शासन को पत्र लिखकर आईएएस अधिकारी के खिलाफ शिकायत की गई थी. हालांकि, वह मामला अब पुराना हो चुका है. लेकिन सविन बंसल के इस कार्यालय में तैनात होने से एक बार फिर वही पुराना मामला चर्चाओं में आ गया है.
उधर, दूसरी तरफ आईएएस अधिकारी वंदना के भी जल्द प्रतिनियुक्ति पर जाने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि उन्हें भी केंद्र में कोई अहम तैनाती मिल सकती है.
खास बात यह है कि उत्तराखंड में आईएएस अधिकारियों के तबादलों को लेकर भी सुगबुगाहट तेज है और सचिवालय से लेकर जिला स्तर तक के आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारी में जल्द बदलाव होने की उम्मीद है.
इस बीच केंद्र से ज्योति यादव भी प्रतिनियुक्ति का समय पूरा करने के बाद उत्तराखंड लौट चुकी हैं और अभी फिलहाल सरकार द्वारा तैनाती दिए जाने का इंतजार कर रही हैं.