जंगल से निकल हाईवे पर आए गजराज, अपनी गाड़ियां छोड़कर भागे लोग, वीडियो आया सामने

नैनीताल जिले के कालाढूंगी में हाईवे पर कल गुरुवार 25 जून शाम को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक टस्कर हाथी अचानक जंगल से निकलकर हाईवे पर आ गया. हाथी काफी देर तक हाईवे पर ऐसे ही घूमता रहा. हाथी को देखते ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी. लोग अपनी जान बचाने के लिए वाहन छोड़कर इधर-उधर भागने लगे. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है.

जानकारी के मुताबिक कालाढूंगी हाईवे पर गड़प्पू जंगल के पास अचानक से विशालकाय जंगली हाथी आ गया था. हाथी को देखकर हाईवे के दोनों तरफ गाड़ियों की लाइन लग गई. लोगों का लगा कि हाथी कुछ ही देर में चला जाएगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी काफी देर तक सड़क पर ही टहलता रहा. इस दौरान उसने कई बार लोगों और वाहनों की ओर बढ़ने की कोशिश की, जिससे मौके पर मौजूद लोग घबरा गए. कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए वाहन सड़क पर ही छोड़ दिए और सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए. कुछ लोग दूर से हाथी की गतिविधियों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करते रहे. हालांकि बिना किसी को नुकसान पहुंचाए हाथी जंगल में चला गया. इसके बाद लोगों ने भी राहत की सांस ली और हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.

वीडियो सामने आने के बाद वन्यजीव क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है. वन विभाग समय-समय पर लोगों से अपील करता रहा है कि जंगल से सटे क्षेत्रों और वन्यजीव कॉरिडोर में वाहन सावधानी से चलाएं. अनावश्यक रूप से न रुकें और जंगली जानवरों के करीब जाने या उन्हें उकसाने की कोशिश न करें. ऐसे क्षेत्रों में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन हाथी की अचानक मौजूदगी ने कुछ देर के लिए हाईवे पर दहशत का माहौल जरूर पैदा कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *