हरिद्वार जिले के रुड़की में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उधर, युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया.
जानकारी के मुताबिक, बेहेड़ेकी सैदाबाद गांव निवासी गौरव पुत्र रोशन (उम्र 22 वर्ष) और रितिक पुत्र माधव (उम्र 21 वर्ष) गुरुवार की देर शाम झबरेड़ा कस्बे से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. दोनों ही युवक मजदूरी का काम करते थे. बताया जा रहा है कि दोनों युवक जैसे ही झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर साबतवाली गांव के गेट के पास पहुंचे, तो इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. हादसा होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों भारी भीड़ जमा हो गई. वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम का जायजा लिया. जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया. साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई. परिजनों को मौत की खबर लगते ही कोहराम मच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है. ट्रक चालक की तलाश की जा रही है. साथ ही पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है. तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.