उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट लेते हुए गर्मी से राहत दी है. गुरुवार को दोपहर बाद अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि ने कई जगहों पर तापमान में गिरावट दर्ज कराई. साथ ही मौसम सुहावना हुआ. पहाड़ों की रानी मसूरी में भी गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली. दोपहर बाद तेज बारिश और भारी ओलावृष्टि होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिली. ठंड बढ़ने पर लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा.
मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में हुई तेज ओलावृष्टि से सड़कों और छतों पर सफेद चादर सी बिछ गई. मौसम का बदला रूप देखकर स्थानीय लोग भी हैरान नजर आए. वहीं बारिश और ठंडी हवाओं के चलते पूरे शहर में सर्द मौसम का दौर लौट आया. ओलावृष्टि से मसूरी के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और बगीचों में किसानों और काश्तकारों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है.
काश्तकारों का कहना है कि, इस समय कई फसलें खेतों में तैयार खड़ी हैं और भारी ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. खासकर सब्जियों और फलों की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है. वहीं मौसम के बदले मिजाज का आनंद लेने देश-विदेश से पहुंचे पर्यटक भी मसूरी की वादियों में बारिश और ठंड का जमकर लुत्फ उठाते नजर आए. माल रोड, गनहिल और अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटक बारिश के बीच घूमते और फोटो खिंचवाते दिखाई दिए. कई पर्यटकों ने मसूरी के मौसम को ‘दिलकश और यादगार’ बताया.
इसे देखते हुए प्रशासन द्वारा पूर्व में ही अलर्ट जारी कर संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है. वहीं मौसम के अचानक बदले मिजाज ने एक बार फिर मसूरी में सर्दी का एहसास करा दिया है.