उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. काठगोदाम थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. यहां तेज रफ्तार रोडवेज बस ने आंगनबाड़ी से लौट रही मासूम बच्ची को कुचल दिया. हादसा इतना भयावह था कि 5 साल की बच्ची करीब 20 मीटर तक बस के साथ घसीटती हुई चली गई, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नैनीताल-भीमताल रोड को जाम किया है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर उन्हें शांत किया.
हादसा काठगोदाम थाना क्षेत्र में रानीबाग के पास सोमवार 20 अप्रैल दोपहर को हुआ है. आंगनबाड़ी से घर लौट रही 5 साल की मासूम कनक तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आ गई. हादसा इतना भीषण था कि बस चालक ने वाहन नहीं रोका और बच्ची को करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी सड़क पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने कनक को अपनी चपेट में ले लिया. गनीमत रही कि साथ चल रहे अन्य दो बच्चे बाल-बाल बच गए, लेकिन कनक की जान नहीं बच सकी.
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बस को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने समय रहते वाहन नहीं रोका. हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. गुस्साए ग्रामीणों ने बस में तोड़फोड़ करते हुए उसके शीशे तोड़ दिए और सड़क पर बैठकर जाम कर दिया.