16 अप्रैल से विभिन्न जिलों में बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में गर्मी से मिलेगी निजात

अप्रैल में मौसम अलग ही रंग दिखा रहा है। बता दें कि पिछले सप्ताह उत्तराखंड में जमकर बारिश हुई थी। साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हुई थी। बारिश का दौर दो-तीन दिन तक चला था। बारिश-बर्फबारी के कारण ठंड फिर लौट आई थी। ठंड इतनी बढ़ गई थी कि लोगों को जैकेट, स्वेटर आदि गर्म कपड़े फिर से निकालने पड़े थे। लोग अलाव सेंककर ठंड से राहत पाने में जुटे हुए थे। राज्य के कई पर्वतीय इलाकों में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक भी गिर गया था।

उत्तराखंड में कल से मौसम एकदम साफ बना हुआ है। दिन के वक्त तेज धूप से गर्मी बढ़ रही है। लोग गर्मी से बचने के लिए पंखे और कूलर का प्रयोग करने लगे हैं। मौसम के इस विचित्र खेल से हर कोई हैरत में पड़ा हुआ है। इसी बीच आईएमडी ने फिर से गुड न्यूज दी है। आईएमडी के मुताबिक एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके चलते 16 से 19 अप्रैल तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में कहीं-कहीं बारिश के आसार बन रहे हैं। आईएमडी के मुताबिक इस दरमियान 3800 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। बारिश और बर्फबारी बढ़ती गर्मी पर अंकुश लगा सकती है। इससे यहां के पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की तादात और भी बढ़ सकती है।

उत्तराखंड में 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलते ही चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। चारधाम यात्रा के शुभारंभ के दिन मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। बता दें कि केदारनाथ धाम में चार-चार फिट तक बर्फ की चादर बिछी हुई है। यमुनोत्री में भी बीते दिनों काफी बर्फबारी हुई थी। बर्फ हटाकर चारधाम यात्रा शुरू कराना शासन-प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। आने वाले दिनों में मौसम खराब होने पर चुनौती और बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *