BJP नेताओं ने कर डाली शर्मनाक हरकत, 2 पर दर्ज हुआ केस

भाजपा के दो नेताओं पर एक महिला के साथ अभद्रता और एक अन्य व्यक्ति के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भाजपा नेताओं की अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हुआ है।

सोमवार को फुटसिल निवासी पंकज भट्ट ने पुलिस में तहरीर दी है, उनका कहना है कि रविवार रात वे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दशाईथल में रामलीला देखने गए थे। उनका आरोप है कि वहां भाजपा नगर अध्यक्ष रमेश बोरा ने उनकी बहू के साथ अभद्रता की, जिसका उन्होंने विरोध किया।

इसी बीच बोरा और वे बात कर ही रहे थे कि बीच में आए भाजपा नगर महामंत्री हरीश दुर्गापाल ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में नगर अध्यक्ष ने भी अपने साथियों के साथ उनकी पिटाई लगा दी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपना मेडिकल करवाया।

थानाध्यक्ष मंगल सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ 504 व 323 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है, यदि  प्रकरण सही हुआ तो संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपी भाजपा पदाधिकारियों का भी पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *