मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का समापन, सीएम ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

 उत्तराखंड में 23 दिसंबर से शुरू हुई मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन हो गया है. युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल निदेशालय में मौजूद मिनी ग्राउंड में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का समापन किया. साथ ही विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया. कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार ने खिलाड़ियों के लिए तीन घोषणाओं को परीक्षण करने के बाद सीएम घोषणा में शामिल करने की बात कही. जिसमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री खेल क्लब की स्थापना का विषय शामिल है.

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के पहले संस्करण का आयोजन 23 दिसंबर 2025 को हरिद्वार के सालिमपुर न्याय पंचायत स्थित खेल ग्राउंड से शुरू हुआ. इस चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत न्याय पंचायत स्तर, विधानसभा क्षेत्र स्तर, संसदीय क्षेत्र स्तर और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में प्रदेश भर से कुल 162413 खिलाड़ियों ने प्रतिभा किया. प्रदेश के सभी 662 न्याय पंचायत, 70 विधानसभा और पांच संसदीय क्षेत्र में खेल प्रतियोगिताएं कराई गई.

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों के लिए तीन घोषणा किए जाने संबंधित खेल मंत्री रेखा आर्य की तरफ से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक पत्र सौंपा. जिसमें, प्रशिक्षण एवं चैंपियंस ट्रॉफी के खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल बनाए जाने, युवा खिलाड़ियों के लिए चैंपियंस ट्रॉफी के खिलाड़ियों के लिए भोजन दरें बढ़ाए जाने के साथ ही मुख्यमंत्री खेल क्लब की स्थापना करने का बिंदु शामिल हैं. ऐसे में कार्यक्रम के दौरान ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा इन तीनों ही घोषणाओं का सरकार परीक्षण कराए जाने के बाद सीएम घोषणाओं में शामिल किया जाएगा.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के जरिए प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को अपने खेलों का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच मिला है. सरकार की ओर से भी खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी गई है. सरकार की कोशिश है कि प्रदेश के सभी बच्चों और खिलाड़ियों को आगे आने का अवसर मिले.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *