उत्तराखंड में बारिश कहर बनकर बरस रही है. पौड़ी जिले के कोटद्वार में भी अचानक बारिश के बीच पहाड़ी से बोल्डर आ गिरा. जिसकी चपेट में सवारियों से भरा बोलेरो वाहन आ गया. इससे वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. ऐसे में वाहन में अंदर बैठे 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा आज यानी 4 अगस्त को पौड़ी-कोटद्वार-मेरठ नेशनल हाईवे पर कोटद्वार के पास हुआ है. जहां एक बोलेरो वाहन संख्या UK 11 TA 1610 दुगड्डा से सवारियों को लेकर कोटद्वार आ रहा था. जैसे ही बोलेरो वाहन कोटद्वार के सिद्धबली बैरियर के पास पहुंचा. तभी पहाड़ी से अचानक एक बड़ा बोल्डर (पत्थर) टूटकर सीधे बोलेरो पर आ गिरा.
पत्थर की चपेट में आने से वाहन बुरी तरह से पिचक गया. जबकि, अंदर बैठे सवारी भी बुरी तरह से कुचल गए. जिसके चलते 2 लोगों ने अंदर ही दम तोड़ दिया. जबकि, हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची. जहां स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और कोटद्वार के बेस अस्पताल पहुंचाया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण इस मार्ग पर कई बार पत्थर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सोमवार को गिरे इस भारी पत्थर ने जानलेवा रूप ले लिया. हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद खुलवाया.
उत्तराखंड मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक खासकर पर्वतीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. ऐसे में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है. पौड़ी जिले में भारी बारिश के कारण 11 मोटर मार्गों पर आवाजाही बंद है. जबकि, अलकनंदा नदी का जलस्तर 533.90 मीटर तक पहुंच गया है.