खरगे की देहरादून जनसभा पर भाजपा का हमला, कहा- कांग्रेस की रैली फ्लॉप शो, उनकी बात पर किसी को विश्वास नहीं

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की देहरादून में हुई रैली को फ्लाप शो बताते हुए कहा कि जनता को कांग्रेस पर अब कोई भरोसा नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष जनता के बीच केवल मोदी चालीसा का पाठ करते रहे, लेकिन कोई विश्वसनीय बात नहीं कह पाए।

भट्ट ने कहा कि मोदी महामानव हैं और विकास के लिए अवतरित हुए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उन्हें किसी अवतार से संबोधित कर रहे थे, लेकिन व्यंग्य में विषैले बोल भी बोल रहे थे। खरगे एक ओर लोकतंत्र की दुहाई देते फिर रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर हर मंच पर एक परिवार का गुणगान कर राजधर्म का पालन कर रहे है।

भाजपा सरकार ने सैनिकों की सुध ली- महेंद्र भट्ट

भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार में ही सैनिकों की सुध ली गई। वन रैंक वन पेंशन सहित सैनिकों के हित में कई बेहतर निर्णय लिए गए, जिन्हें उपलब्धि कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बड़े मैदान की क्षमता के अनुरूप भीड़ न जुटने की आशंका से कांग्रेस ने देहरादून में बन्नू मैदान पहले ही बुक करा दिया था, लेकिन सहानुभूति बटोरने को परेड ग्राउंड न मिलने का रोना रोती रही।

उन्होंने कहा कि आज जनता का झुकाव भाजपा की ओर है और उसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकासपरक नीति पर भरोसा है। अगर कांग्रेस ने समावेशी विकास किया होता तो उसे आज जनता के सामने गिडगिड़ाने की जरूरत नही होती।

कांग्रेस के कई जनाधार वाले नेताओं ने समर्थकों सहित भाजपा का दामन थामा

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के किसी भी केंद्रीय नेता का देवभूमि आगमन उसके लिए शुभ नहीं रहा। पहली बार जब प्रदेश प्रभारी दून आईं तो कांग्रेस सहित अन्य दलों से एक हज़ार लोग भाजपा में शामिल हुए, वहीं जब खरगे पहुंचे तो कांग्रेस के पूर्व विधायक सहित कांग्रेस के कई जनाधार वाले नेताओं ने समर्थकों सहित भाजपा का दामन थामा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *