उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों, पुलिस जवानों और आम जनता के हित में कई बड़े और राहत भरे फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री ने न केवल कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी को हरी झंडी दी है, बल्कि कई जवानों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ देने का भी रास्ता साफ कर दिया है। इसके अलावा, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सड़कों, पुलों, पार्किंग और पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए कुल 155.96 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी प्रदान की गई है।
राज्य सरकार और राज्य के स्वायत्त निकायों व उपक्रमों में काम करने वाले उन कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है, जिन्हें छठे और पांचवें केंद्रीय वेतन आयोग के हिसाब से सैलरी मिल रही है। मुख्यमंत्री ने छठे वेतन आयोग वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 1 जुलाई, 2026 से 262 प्रतिशत से बढ़ाकर 269 प्रतिशत प्रतिमाह करने को मंजूरी दे दी है। वहीं, पांचवें वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों का महंगाई भत्ता भी 1 जुलाई, 2026 से 483 प्रतिशत से बढ़ाकर 497 प्रतिशत प्रतिमाह कर दिया गया है। इस फैसले से कर्मचारियों की जेब में हर महीने बढ़ी हुई सैलरी आएगी।
कर्मचारियों के हित में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए सीएम धामी ने 178 आरक्षी, पीएसी (PAC) और आईआरबी (IRB) के जवानों को राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से हटाकर पुरानी पेंशन योजना (OPS) में शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। लंबे समय से इन कार्मिकों को इसका इंतजार था। इसके साथ ही, राज्य में स्वैच्छिक और आंशिक चकबंदी को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में एक नई मद खोलने और राज्य आकस्मिकता निधि से 100 करोड़ रुपये जारी करने पर भी मुहर लग गई है।
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विधानसभा क्षेत्र में लीती से मां होकरा मंदिर तक ट्रैक रूट और व्यू प्वाइंट बनाने के लिए 88.79 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिसकी पहली किश्त के रूप में 53.27 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी मिल गई है। पौड़ी जिले के कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में स्ट्रीट लाइट लगाने, बिजली के खंभे गाड़ने, नई लाइन बिछाने और लाइन शिफ्टिंग के लिए 344.04 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। इसकी पहली किश्त में 137.61 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल सुविधा बेहतर करने के लिए 300 नए हैंडपंप लगाए जाएंगे, जिसके लिए 86.57 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 155.96 करोड़ रुपये की अलग से स्वीकृति दी है। पिथौरागढ़ के मूनाकोट में कुसेरी बैंड से सिलौनी मार्ग को अपग्रेड करने के लिए 199.17 लाख रुपये, जबकि डीडीहाट और गंगोलीहाट विधानसभा के डंगोली-हरवाड़-वालीघाट-थल-सातसिलिंग मार्ग (एसएच-60) पर पुराने क्लास-बी पुलों को क्लास-ए में बदलने और नए दो-लेन पुल बनाने के लिए करीब 18.50 करोड़ रुपये (1849.56 लाख) मंजूर किए गए हैं।
वहीं, उत्तरकाशी के भटवाड़ी में उत्तरकाशी-घनसाली-तिलवाड़ा मार्ग पर 2-लेन पुल के लिए 409.23 लाख रुपये, टिहरी के धनौल्टी में लालूरी-घियाकोटी-क्यार्दा की चाली मिसिंग लिंक रोड के लिए 176.85 लाख रुपये और पौड़ी के चौबट्टाखाल में कोट मल्ला से रीठा खाल तक 5 किमी सड़क सुधार के लिए 376.90 लाख रुपये दिए गए हैं। ऊधमसिंह नगर के सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के गोविंदनगर और टैगोर नगर में सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए भी क्रमशः 90.41 लाख और 90.61 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।