शहर के मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर 50 लाख रुपए के मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों को ऋषिकेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरी की वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद किया है. इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई दो बाइकें भी पुलिस ने कब्जे में ली है. मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, बीती 6 नवंबर की रात करीब दो से चार बजे के बीच ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर चोरों ने विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए थे. दुकान स्वामी की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली.
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को आईडीपीएल गोलचक्कर के पास संदिग्धों और चोरी के सामान की तलाश में चेकिंग की जा रही थी. इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोबाइल शोरूम में चोरी करने वाले चार आरोपी दो बाइकों से नटराज चौक होते हुए बाईपास रोड के रास्ते श्यामपुर की ओर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मनसा देवी फाटक से आगे बाईपास रोड पर घेराबंदी कर दोनों बाइकों पर सवार युवकों को दबोच लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी संदीप के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सामान को आपस में बांट लिया गया था और उसका अधिकांश हिस्सा जंगल में छिपाकर रखा गया था. वे चोरी के सामान को बेचने के लिए हरिद्वार की ओर जा रहे थे.