देहरादून: जमीन बेचकर लौट रहे व्यक्ति से 14 लाख की लूट, मारपीट कर छीना रुपयों से भरा थैला – Kachchichithi

देहरादून: जमीन बेचकर लौट रहे व्यक्ति से 14 लाख की लूट, मारपीट कर छीना रुपयों से भरा थैला

देहरादून में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पटेलनगर क्षेत्र में छोटी दिवाली के दिन जमीन के सौदे से मिली 14 लाख रुपये की नकदी लेकर लौट रहे एक व्यक्ति को बदमाशों ने अपना निशाना बना लिया है। बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर आए पांच से छह युवकों ने रास्ते में उनका वाहन रोक लिया और मारपीट करने के बाद रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायवाला के हरिपुर कलां स्थित राणा कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय राजेश कुमार सोनी शनिवार को पथरी बाग में एक प्लॉट के सौदे के सिलसिले में दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये लेकर वापस लौट रहे थे। उनके साथ वाहन में दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर भी मौजूद थे। दोपहर करीब 3:40 बजे जब उनका वाहन इंद्रेश अस्पताल के नजदीक पहुंचा, तभी पीछे से आए बाइक और एक्टिवा सवार युवकों ने रास्ता रोककर उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन में बैठे लोगों के साथ मारपीट की और पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा थैला लेकर मौके से भाग निकले.

वारदात के बाद पीड़ित राजेश कुमार सोनी ने तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने अचानक उनके वाहन को घेर लिया, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमलावरों के फरार होने के बाद उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित ने पटेलनगर कोतवाली में दी गई शिकायत में सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया और दीपक सिंह शेखावत को नामजद किया है। इसके अलावा चार से पांच अन्य युवकों के भी वारदात में शामिल होने की आशंका जताई गई है। राजेश कुमार के अनुसार, घटना के बाद अपने स्तर पर जानकारी जुटाने पर उन्हें इन लोगों के नाम पता चले।

मामले में पुलिस ने रविवार दोपहर तीन नामजद समेत पांच से छह आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पटेलनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *