त्योहारों की रौनक और बाजारों में बढ़ी चहल-पहल के बीच ऋषिकेश में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया. धनतेरस की पहली रात अज्ञात बदमाशों ने आईडीपीएल सिटी गेट के पास गुप्ता टेलीकॉम की दुकान को निशाना बनाया. चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखे करीब 50 लाख रुपए के कीमती महंगे मोबाइलों पर हाथ साफ कर दिया.
वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश इतने शातिर थे कि उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाले डीवीआर सिस्टम को भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस को उनके बारे में कोई सुराग न लगे.
जानकारी के अनुसार आईडीपीएल सिटी गेट के पास गुप्ता टेलीकॉम के नाम से मोबाइल की दुकान की हैं. दुकान के मालिक अश्वनी गुप्ता और आरोही गुप्ता ने बताया कि धनतेरस के चलते बाजार में ग्राहकों की आवाजाही अधिक थी. त्योहार के कारण दुकान सामान्य दिनों की अपेक्षा देर रात तक खुली रही.
अश्विनी गुप्ता ने बताया कि रात करीब एक बजे दुकान बंद कर वे अपने घर चले गए थे. इसके बाद अज्ञात बदमाशों ने दुकान को निशाना बनाया. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी की वारदात रात करीब दो बजे के आसपास हुई. बदमाशों ने दुकान के शटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कीमती मोबाइल फोन समेटकर मौके से फरार हो गए.