रुड़की: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला यूट्यूबर का शव, वीडियो कॉल ने बढ़ाया मौत का रहस्य – Kachchichithi

रुड़की: संदिग्ध परिस्थितियों में मिला यूट्यूबर का शव, वीडियो कॉल ने बढ़ाया मौत का रहस्य

हरिद्वार जिले में रुड़की के पास पिरान कलियर थाना क्षेत्र में 32 साल के यूट्यूबर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. यूट्यूबर का शव गेस्ट हाउस के कमरे से मिला है. मृतक की शिनाख्त आतिफ के रुप में हुई, जो यूपी के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला था. आतिफ की मौत को एक कथित वीडियो कॉल ने रहस्यमय बना दिया है.

फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार आतिफ ने किसी लड़की को वीडियो कॉल किया था, उसी के बाद उसकी मौत हुई है. मामला आत्महत्या का भी लग रहा है. हालांकि पुलिस अभी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कह रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा, उसी के आधार पर पुलिस मामले की आगे जांच करेगी.

ETV Bharat

पुलिस ने जो जानकारी दी है, उसके अनुसार आतिफ मूल रूप से यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के निराना गांव का रहने वाला था. बताया जा रहा है कि आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था, जहां वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था. तीनों यूट्यूबर हैं.

कहा जा रहा है कि युवती और आतिफ के बीच किसी बात को लेकर नाराजगी चल रही थी. युवती से नाराज होने के बाद आतिफ 14 अक्टूबर बुधवार की रात करीब 11 बजे कलियर पहुंचा. कलियर में आतिफ एक गेस्ट हाउस में रुका था.

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की. बातचीत के दौरान आतिफ ने कथित तौर पर जान देने की बात कही, इसके बाद युवती ने दूसरे मोबाइल से वीडियो कॉल के जरिये अपने भाई को पूरा घटनाक्रम दिखाया. इसके बाद भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया. वीडियो देखते ही आतिफ के परिवार के होश उड़ गए.

इसके बाद आतिफ के परिजन आनन-फानन में कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी. लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची तो कमरे का दरवाजा खोलने के बाद अंदर का दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया. कमरे में आतिफ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया.

पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *