उत्तराखंड के चमोली जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है. कर्णप्रयाग कोतवाली क्षेत्र के बगोली गांव में एक बेटे ने अपने ही माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने पिता के चेहरे और सीने पर ब्लेड से ताबड़तोड़ वार किए और गला दबाकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की.
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्णप्रयाग पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बगोली निवासी विक्रम सिंह पुत्र आनंद सिंह ने रविवार को कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर इस खौफनाक घटना का खुलासा किया.
पीड़ित पिता ने बताया कि शनिवार की रात करीब 8 बजे उनके 27 वर्षीय पुत्र मनोज ने घर में उनके और उनकी पत्नी शांति देवी के साथ अकारण गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मनोज ने जान से मारने की नीयत से अपने हाथ में लिए शेविंग ब्लेड से पिता के चेहरे और सीने पर कई वार कर दिए. जब पीड़ित ने खुद को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की. इस बीच चीख-पुकार सुनकर पीड़ित की पत्नी और आस-पास के पड़ोसी तुरंत मौके पर दौड़े और बीच-बचाव कर पिता विक्रम सिंह की जान बचाई.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनका बेटा हाथ में चाकू लेकर भी उन्हें मारने दौड़ा था और पूर्व में भी वह 3-4 बार उन पर जानलेवा हमला कर चुका है. बुजुर्ग माता-पिता पर हुए इस जानलेवा हमले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए.