लक्सर: शुगर मिल गेट के बाहर स्थित गोल चौराहे पर दिनदहाड़े फायरिंग मामले में दो नामजद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इस घटना में तीन युवकों ने पहले एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की, फिर विरोध करने पर देशी तमंचे से उसे गोली मार दी थी. गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घायल को सरकारी अस्पताल से गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, ग्राम अकोढ़ा कलां निवासी सुमित कुमार ने पुलिस को दी एक तहरीर दी है. जिसमें उन्होंने बताया है कि उसका भाई रामकेश शुक्रवार यानी 9 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे लक्सर शुगर मिल से काम निपटाकर बाहर निकल रहा था. जैसे ही वो गोल चौराहे पर पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे रितिक निवासी बहादरपुर खादर, पारस निवासी सीमली और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने उसे घेर लिया.
आरोप है कि तीनों ने बिना किसी कारण के उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर मारपीट करने लगे. जब रामकेश ने मारपीट का कारण पूछा और विरोध किया, तो आरोपी रितिक ने अपनी कमर से देशी तमंचा निकालकर जान से मारने की नीयत से उस पर फायर झोंक दिया. गोली रामकेश को लग गई और वो लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.
दिनदहाड़े गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी मच गई. भीड़ को आता देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. परिजन और आसपास मौजूद लोग गंभीर रूप से घायल रामकेश को तत्काल लक्सर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया.