बाथरूम में मिला सिंचाई विभाग के जेई का शव, करंट से मौत की आशंका – Kachchichithi

बाथरूम में मिला सिंचाई विभाग के जेई का शव, करंट से मौत की आशंका

पौड़ी: कोटद्वार के कालागढ़ में सिंचाई विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) का शव उनके राजकीय आवास के बाथरूम में पड़ा मिला है. जेई की दाहिने हाथ की एक उंगली झुलसी हुई मिली है. प्रारंभिक तौर पर करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. लिहाजा, पुलिस मामले की बारीकी से जांच में जुट गई है.

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान रामगंगा बांध परियोजना के सैडिल बांध पर तैनात अवर अभियंता अनिल कुमार (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है. जिनका शव रविवार यानी 11 अक्टूबर को कालागढ़ की नई कॉलोनी स्थित राजकीय आवास संख्या ए-68 के बाथरूम में पड़ा मिला. वो रामगंगा बांध परियोजना के अंतर्गत सैडिल बांध में तैनात थे और इसी आवास में रहते थे.

बाथरूम में उनका शव मिलने की सूचना से विभागीय कर्मचारियों और आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई. घटनास्थल पर मृतक के दाहिने हाथ की एक उंगली करंट से झुलसी हुई पाई गई है. इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बाथरूम में नहाने के दौरान वो किसी विद्युत उपकरण या विद्युत प्रवाह के संपर्क में आ गए होंगे.

वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार लाया गया है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है. अवर अभियंता की मौत करंट लगने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल, कालागढ़ पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *