चारधाम यात्रा के बीच मौसम के अचानक करवट लेने के बावजूद हेली सेवाओं के संचालन को लेकर यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े होने लगे हैं. मंगलवार को मौसम खराब होने के कारण एक हेलीकॉप्टर की अगस्त्यमुनि खेल मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. वहीं, इसी दौरान दो हेली सेवाओं के हेलीकॉप्टरों की अगस्त्यमुनि में इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना से क्षेत्र में भी हड़कंप की स्थिति बन गई.
मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली. आसमान में घने बादल छा गए और केदारघाटी के कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई. खराब मौसम के बीच हेली सेवाओं का संचालन जारी रहने से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई. हालांकि, किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को हिमालयन सर्विसेज का एक हेलीकॉप्टर उत्तरकाशी के झाला से शेरसी हेलीपैड के लिए उड़ान पर था. मौसम खराब होने के कारण पायलट ने एहतियातन अगस्त्यमुनि खेल मैदान में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई. हेलीकॉप्टर में छह यात्री सवार बताए गए हैं. सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर की अगस्त्यमुनि खेल मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निगरानी एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं.
>