उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी खबर सामने आई है. लक्सर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े मंदिर गई 26 साल की युवती का कार सवार कुछ बदमाशोंं ने किडनैप कर लिया. पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन 24 घंटे बाद भी युवती का कुछ पता नहीं चल पाया है.
युवती के परिजनों की तरफ से पुलिस को जो तहरीर दी गई, उसके अनुसार गुरुवार एक अक्टूबर को भी युवती रोजाना की तरह सुबह करीब 7:30 बजे रुड़की रोड स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में पूजा करने के लिए घर से निकली थी. मंदिर में पूजा-पाठ के बाद युवती घर आ जाती थी, लेकिन गुरुवार को जब काफी देर बाद भी युवती घर नहीं आई तो परिजनों को उसकी चिंता हुई.
परिजनों ने पहले आस-पास और मंदिर जाकर उसकी तलाश की, लेकिन वहां युवती नहीं मिली. इसके बाद परिजन और अन्य ग्रामीण युवती की तलाश में रुड़की रोड की ओर गए, तभी उनकी नजर एक कार पर पड़ी, जिसमें कुछ लोग युवती को जबरदस्ती बैठा कर ले जा रहे थे.
परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने बाइक से कार का पीछा भी किया, लेकिन वो उनके हाथ नहीं आए. हालांकि इस दौरान उन्होंने कार का नंबर जरूर नोट कर दिया. परिजनों के शोर मचाने पर मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई, लेकिन तब तक कार आंखों से ओझल हो चुकी थी. इसके बाद परेशान परिजन सीधे कोतवाली लक्सर पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की.