देहरादून में चली गोलियां: स्कूटी सवार पर अज्ञात युवकों ने की फायरिंग, इलाके में दहशत

राजधानी देहरादून में बदमाशों के हौसले दिन पर दिन बुलंद होते जा रहे हैं। बीती रात पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोवाला के पास ग्रास फार्म, शिमला बाईपास रोड पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया

जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात करीब 9 बजे युवक अपनी कजन के साथ स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने अचानक उस पर फायर झोंक दिया। गोली युवक के पेट को छूते हुए निकल गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि घायल युवक उज्जीवन बैंक में काम करता है। घटना की सूचना मिलतेही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसकी किसी से भी किसी तरह की कोई रंजिश नहीं है। ऐसे में फायरिंग के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है। पुलिस की टीमें फायरिंग करने वाले मोटरसाइकिल सवार बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फायरिंग की इस वारदात के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *