चमोली में भालू के हमले में महिला की दर्दनाक मौत, दूसरी की हालत नाजुक

पोखरी विकासखंड की नेल ग्राम पंचायत के सिदेली तोक में भालू ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया. जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने के बाद अब हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है. वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है.

ग्रामीणों के मुताबिक, नेल ग्राम पंचायत की लक्ष्मी देवी पत्नी गजेंद्र सिंह और विमला देवी पत्नी चंद्रशेखर सिंह सिदेली तोक गई थी. तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया. ऐसे में भालू से बचने के लिए दोनों दौड़ पड़ीं. तभी विमला देवी चट्टान से नीचे जा गिरी. जिससे विमला देवी की मौके पर ही जान चली गई.

वहीं, लक्ष्मी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला का रेस्क्यू किया. साथ ही सूचना पुलिस और वन विभाग को दी. घायल महिला को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया, फिर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. सूचना पर वन विभाग की टीम भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भालू की आवाजाही से लोगों में भय बना हुआ है. ग्रामीणों ने आबादी वाले क्षेत्रों में वन विभाग की गश्त बढ़ाने और भालू को पकड़ने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *