उत्तराखण्ड के ऋषिकेश से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहां वीरभद्र रोड स्थित एक होटल में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पांचवीं मंजिल से नीचे आ रही लिफ्ट अचानक टूटकर तेजी से नीचे गिर गई। हादसे में लिफ्ट में सवार फरीदाबाद निवासी पांच पर्यटक घायल हो गए। घटना के बाद होटल परिसर में चीख-पुकार मच गई और आनन-फानन में पुलिस व एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया। घायलों को प्राथमिक सहायता देने के बाद उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ पर्यटकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हादसा वीरभद्र रोड स्थित होटल टस्क में हुआ। बताया जा रहा है कि फरीदाबाद से आए पर्यटक देर रात होटल की पांचवीं मंजिल पर भोजन करने पहुंचे थे। खाना खाने के बाद सभी लोग लिफ्ट के जरिए नीचे ग्राउंड फ्लोर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही सेकंड में वह तेजी से नीचे जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेज आवाज सुनते ही होटल स्टाफ और अन्य लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
घटना के तुरंत बाद होटल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही एम्स पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि घायल पर्यटक दर्द से कराह रहे थे। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। घायलों में शामिल वरुण कुमार और मनोज सूर्यवंशी ने बताया कि हादसा बेहद भयावह था। उनका आरोप है कि होटल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने होटल परिसर का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण गिरी या रखरखाव में लापरवाही बरती गई थी। एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र पंवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद होटल और व्यावसायिक भवनों में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। पर्यटन सीजन के दौरान बड़ी संख्या में लोग ऋषिकेश पहुंच रहे हैं, ऐसे में होटल परिसरों में सुरक्षा मानकों का पालन कितना हो रहा है, इसे लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी निगरानी की जरूरत महसूस की जा रही है।