विकासनगर: क्वानू मिनस मोटर मार्ग पर सैंज पाटन के बीच एक दुर्घटना हुई है. यहां एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरकर टौंस नदी में जा समाई. वाहन दुर्घटना की सूचना पर चकराता नायब तहसील राजेन्द्र लाल, थाना त्यूणी पुलिस ,सीओ विकासनगर, और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पंहुची.
उत्तराखंड में सड़क हादेसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. आये दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. ताजा मामला देहरादून जिले के तहसील चकराता के तहत क्वानू मिनस मोटर मार्ग का है. यहां सैंज पाटन के बीच एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई मे नीचे जाकर टौंस नदी में जा समाया. सूचना पर स्थानीय ग्रामीण ,थाना त्यूणी पुलिस ,एसडीआरएफ, तहसील कर्मी , सीओ विकासनगर ,जल पुलिस मौके पर पंहुची. जिसके बाद मौके पर खोजबीन का काम शुरू किया गया.
पता चला है कि बोलेरो वाहन संख्या HP85AA-0548 वाहन स्वामी / चालक खुशी राम पुत्र लायक राम निवासी ग्राम चियोग तहसील कमरोह जिला सिरमौर हिमाचल प्रदेश उम्र 45 वर्ष, व्यवसाय से ठेकदारी करता है. वह आज सुबह अपनी ही गाड़ी से चौपाल मडोग हिमाचल जा रहा था. तभी रास्ते में ये हादसा हो गया.
थाना त्यूणी के थाना प्रभारी अश्वनी बलूनी ने बताया वाहन में चालक के अतिरिक्त मजदूर होने की संभावना जताई जा रही है. मौके का निरीक्षण करने पर वाहन टौंस नदी के अंदर समाया मिला. उन्होंने कहा घटना के संबंध में उच्चधिकारियों को सूचित किया गया है. नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल ने बताया वाहन का पता नहीं लग रहा है. मौके पर सर्चिंग की जा रही है. क्रेन को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है. अभी तक वाहन चालक और वाहन का कोई पता नहीं चला है. जल पुलिस नदी में उतर चुकी है.
प्रदेश में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं में होने वाले मौतों के आंकड़े को देखते हुए परिवहन विभाग जन जागरूकता अभियान चला रहा है. एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकगनाइजेशन) कैमरे के जरिए ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने वाले और ओवर स्पीडिंग करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की जा रही है.