सामूहिक कन्या पूजन में शामिल हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी, नवरात्र पर दिया नारी सशक्तिकरण का संदेश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून के प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए इसे आस्था, श्रद्धा और शक्ति उपासना का महापर्व बताया।

मुख्यमंत्री ने 1100 कन्याओं के पूजन को सौभाग्यपूर्ण बताते हुए आयोजन समिति की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नारी सम्मान को सुदृढ़ करने के साथ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे मूल्यों को मजबूत करते हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को साक्षात देवी स्वरूप माना गया है और बेटियां अपने संस्कार, स्नेह और त्याग से समाज को सशक्त बनाती हैं। इस अवसर पर उन्होंने सभी से प्रत्येक बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें बेटियों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, प्रोत्साहन राशि और सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए 61 हजार रुपये (सामूहिक) और 55 हजार रुपये (व्यक्तिगत) तक सहायता दी जा रही है, जबकि अनुसूचित जाति, जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 50 हजार रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा योजना, गौरा देवी कन्याधन योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना और पोषाहार योजना जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार जन्म से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक बेटियों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि नवरात्र के नौ दिन केवल पूजा तक सीमित नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूत करने का अवसर भी हैं। कन्या पूजन हमारी परंपरा के साथ सेवा, करुणा और विनम्रता का प्रतीक है।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारे में भी माथा टेका। इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *